Raipur News: रायपुर में मंगेतर को उसके दोस्त के साथ देखकर एक युवक कार के बोनट पर चढ़ गया। इस दौरान कार करीब 200 मीटर तक चलती रही। संतुलन बिगड़ने पर युवक सड़क पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई। घटना के 3 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।![]()
दोस्त के साथ जा रही थी मंगेतर
मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी कारोबारी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, परमप्रीत और युवती पिछले 3-4 वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और दोनों की शादी भी तय हो चुकी थी। युवती अपनी मां को लेने राजिम जाने वाली थी, जबकि परमप्रीत उसे स्वयं ले जाना चाहता था। इसी बीच युवती अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ दुर्ग से रायपुर पहुंची। एम्स के पास दोनों को साथ देखकर परमप्रीत और युवती के बीच विवाद हो गया।
बोनट पर चढ़ा युवक
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवती अपने दोस्त के साथ जाने लगी। इससे नाराज परमप्रीत ने कार रोकने की कोशिश की और कार के बोनट पर चढ़ गया। उसने युवती से नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने कार आगे बढ़ा दी। कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद परमप्रीत नीचे गिर गया।
अस्पताल में हुई मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कार चालक भरत मंगनानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


