CG News: रायगढ़ जिले में जमीन और रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद में दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान रॉड, डंडे और टांगी से हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है।![]()
जमीन और रास्ते को लेकर पुराना विवाद
जानकारी के अनुसार ग्राम समनिया निवासी सहदेव सक्सेना (22) ने कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाले परदेशी बघेल के परिवार से जमीन और रास्ते को लेकर पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। सहदेव का आरोप है कि विवादित रास्ते से आने-जाने पर दूसरे पक्ष के लोग गाली-गलौज करते थे।
घर पहुंचकर किया हमला
सहदेव के अनुसार सुबह वह अपने घर पर था। इसी दौरान बिनोद बघेल, राकेश बघेल, रोशन बघेल, मालिक राम बघेल, राजेश बघेल, करिश्मा बघेल, मीना बघेल, अंशु बघेल, सरिता बघेल और पदमा बघेल वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे, रॉड तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान उसके पिता बसंत सक्सेना और इतवारीन बाई के साथ भी मारपीट की गई।
10 लोगों पर मामला दर्ज
हमले में तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। शिकायत के आधार पर कापू पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत
दूसरी ओर बिनोद बघेल (37) ने भी कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि बसंत सक्सेना के साथ उसका भी जमीन और रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा है, जिसका मामला धरमजयगढ़ न्यायालय में विचाराधीन है।
बिनोद के अनुसार वह अपने गांव से तीन मजदूरों के साथ पत्थलगांवखुर्द की ओर जा रहा था। इसी दौरान बसंत सक्सेना, जयपाल सक्सेना, सहदेव सक्सेना और इतवारी बाई सक्सेना ने उसे रोककर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और डंडे तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच जारी
बिनोद बघेल की शिकायत पर पुलिस ने बसंत सक्सेना, जयपाल सक्सेना, सहदेव सक्सेना और इतवारी बाई सक्सेना के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

