CG Murder: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद पहाड़ी कोरवा समुदाय के एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पिता और पुत्र ने पत्थर से सिर कुचलकर युवक की जान ले ली। घटना का वीडियो पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।![]()
मृतक की पहचान कंदरई बलादरपाठ निवासी भगुआ राम (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लकड़ी बेचने सन्ना आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पिता-पुत्र से विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों ने उस पर हमला कर दिया। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को भगुआ राम लकड़ी बेचने के लिए सन्ना आया था। शाम के समय वह पंचायत भवन की ओर जा रहा था, तभी पिता और पुत्र उसके पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि तीनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान भगुआ राम ने डंडे से आरोपियों को डराने की कोशिश की। इसी बीच एक आरोपी ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दूसरे आरोपी ने भी उसके सिर पर पत्थर से लगातार कई वार किए।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल भगुआ राम को परिजन और ग्रामीण सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी पिता-पुत्र हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच तेज करते हुए मंगलवार को आरोपी पिता और पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
CCTV में कैद पूरी वारदात
सन्ना ग्राम पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में हत्या की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


