CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। रविवार को कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। हालांकि, अब तक प्रदेश में सामान्य से लगभग 20 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।![]()
बारिश से तापमान में गिरावट
राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन रविवार को हल्की बारिश के बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। रायपुर के अलावा बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा और कोरबा सहित कई इलाकों में भी बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया।
प्रदेश का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।




