CG : खुले में सोए व्यक्ति की तेज ठंड से मौत, बस स्टैंड के पास मिला शव, इन जिलों में अलर्ट जारी 

अंबिकापुर | CG :  छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अंबिकापुर में खुले में सोए एक अज्ञात व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। उसका शव पुराने बस स्टैंड के पास मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से उसी इलाके में दिख रहा था और भीख मांगकर गुजारा करता था। उसके पास पर्याप्त गर्म कपड़े भी नहीं थे। मंगलवार शाम लोगों ने उसे खुले में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उसकी मौत ठंड लगने से हुई है।

 

उधर, अंबिकापुर का तापमान लगातार गिरता जा रहा है। शहर में रात का पारा 5 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने सरगुजा, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभाग के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड और कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है।
राज्य के सात शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। इनमें मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा, जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव शामिल हैं। मैनपाट में तो हालात और भी ज्यादा सख्त हैं। यहां तापमान 4 डिग्री से नीचे चला गया, जिससे ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन गई हैं।

 

अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.0°C, पेंड्रा में 8.6°C, जगदलपुर में 9.1°C, दुर्ग में 9°C और राजनांदगांव में 9.5°C दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 29.4°C जगदलपुर में और सबसे कम 5°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *