CG News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से मानव तस्करी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले की करीब 35 युवतियों को नौकरी दिलाने के नाम पर झारखंड ले जाकर बंधक बनाए जाने का आरोप लगा है। इनमें दुर्गूकोंदल क्षेत्र की कई युवतियां भी शामिल बताई जा रही हैं। मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजन बेटियों की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।![]()
गुप्त मैसेज से खुला राज
जानकारी के मुताबिक मामले का खुलासा तब हुआ जब दुर्गूकोंदल की एक युवती ने गांव के एक युवक को गुप्त मैसेज भेजकर मदद मांगी। युवती ने बताया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया और वहां जबरन रोका जा रहा है।
इसके बाद सोशल मीडिया पर युवतियों के वीडियो और मैसेज वायरल होने लगे, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
रेस्क्यू अभियान शुरू
सामाजिक कार्यकर्ता ललित नरेटी की पहल पर युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। बताया जा रहा है कि झारखंड के गढ़वा प्रशासन और पुलिस से संपर्क किया गया है। गढ़वा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच और तलाश अभियान शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार कई युवतियों से जबरन काम कराया जा रहा था।
कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश
कांकेर कलेक्टर ने कहा है कि मामले की जानकारी प्रशासन को मिल चुकी है। संबंधित युवतियों से संपर्क होते ही विशेष टीम को झारखंड भेजा जाएगा।

