CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां 3 दिन से लापता किन्नर का शव तालाब में मिला है। मृतक की पहचान सागर पासी उर्फ शैगी (28) के रूप में हुई है। किन्नर समुदाय ने हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में डूबने से मौत होने की संभावना जताई जा रही है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।![]()
दरअसल, मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पेंडारी स्थित मुरुम खदान से बने तालाब में एक युवक की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान मन्नू चौक निवासी सागर पासी उर्फ शैगी के रूप में हुई।
दोस्त के साथ गया था कोरी डैम
पुलिस जांच में सामने आया है कि सागर रविवार सुबह स्कूटी लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह एक साथी के साथ कोटा के कोरी डैम पहुंचा, जहां दोनों ने शराब पी। लौटते समय गनियारी से शराब खरीदी और पेंडारी तालाब के पास बैठकर रात करीब 9 बजे तक शराब पी।
कार सवार युवकों से हुई थी आखिरी बातचीत
जांच में यह भी पता चला है कि तालाब के पास कार सवार दो युवक पहुंचे थे। उन्होंने सागर से सिगरेट मांगी थी। इसके बाद सागर उनसे बातचीत करने लगा। कुछ देर बाद उसने मोबाइल बंद होने की बात कहते हुए अपना मोबाइल और स्कूटी साथी को दे दी और उसे घर जाने के लिए कहा। इसके बाद सागर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। तीन दिन बाद उसका शव तालाब में मिला।
हत्या की आशंका
सागर साल 2019 से किन्नर समुदाय के साथ रह रहा था। इससे पहले भी सकरी क्षेत्र में किन्नर की हत्या का मामला सामने आ चुका है। इसके अलावा किन्नरों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद की बात भी सामने आती रही है। इसी वजह से समुदाय के लोगों ने सागर की हत्या की आशंका जताई है।
एडिशनल SP पंकज पटेल ने बताया कि शव करीब 72 घंटे पुराना है और पानी में पड़े रहने के कारण शरीर डिकंपोज हो चुका है। इस वजह से चोट के निशान स्पष्ट नहीं हो सके हैं। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।


