Balodabazar Accident: बलौदाबाजार जिले में रायपुर से गिधौरी जा रही यात्रियों से भरी एक बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।![]()
बस और ट्रक की जोरदार टक्कर
हादसा ग्राम सकरी के पास हुआ। रायल ट्रेवल्स की बस रायपुर से गिधौरी की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस तथा 112 वाहन के जरिए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
यात्रियों के सिर में आई चोट
चिकित्सकों के अनुसार, अधिकांश यात्रियों के सिर पर चोटें आई हैं। हालांकि सभी बड़े खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में पहले से मौजूद मेडिकल टीम ने सभी घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया।
घायलों से मिले मंत्री
हादसे की जानकारी मिलते ही राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा से फोन पर बात कर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
घायलों का इलाज जारी
सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि हादसे में घायल हुए 19 यात्रियों में से 4 का इलाज अस्पताल में जारी है। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सभी गंभीर घायलों की हालत फिलहाल नियंत्रण में है।
जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली पुलिस ने बताया कि ग्राम सकरी स्थित आईटीआई के पास बस और ट्रक की टक्कर हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर सड़क हादसे होते हैं, इसलिए दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।




