Jashpur Farewell Car Stunt: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में फेयरवेल कार्यक्रम के बाद छात्रों द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र चलती कार से बाहर लटककर शराब की बोतल लहराते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ छात्र-छात्राएं कार की खिड़कियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि चालक मैदान में कार से ड्रिफ्ट करता रहा।

जानकारी के अनुसार, यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में छात्र तेज रफ्तार कार के दरवाजे खोलकर बाहर की ओर झूलते हुए स्टंट करते दिख रहे हैं। एक युवक के हाथ में कथित तौर पर शराब की बोतल नजर आ रही है, जिसे वह हवा में लहराता हुआ दिखाई दे रहा है। यह घटना जशपुर-किनकेल रोड की बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि बाद में इस वीडियो को हरियाणवी गाने के साथ इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये छात्र किस स्कूल के हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यही युवक करीब पांच दिन पहले भी शहर के गौरव पथ पर स्कॉर्पियो वाहन में इसी तरह के खतरनाक स्टंट करते नजर आए थे। उस दौरान भी वाहन के दरवाजे खोलकर युवक बाहर झूलते दिखे थे, लेकिन तब मामला सामने नहीं आ सका था।
इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि खुद की और दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकते हैं। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से जांच की संभावना जताई जा रही है।
