CG Murder: प्रेमी ने की महिला की गला घोंटकर हत्या, पहचान छिपाने जलाया शव

CG Murder: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की पूंजीपथरा पुलिस ने तमनार-पूंजीपथरा मार्ग पर मिले जले हुए महिला के शव के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मृतका की पहचान जशपुर जिले की रहने वाली 60 वर्षीय मंगरिता एक्का के रूप में हुई है।

 

जानकारी के अनुसार 17 जून को मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास एक महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था। शव की पहचान नहीं होने के कारण मामले की जांच पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण थी। पुलिस ने सोशल मीडिया, तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से मृतका की पहचान की।

 

जांच के दौरान पुलिस को इमिलीयूस तिग्गा पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।

 

आरोपी ने बताया कि वह और मंगरिता एक्का पिछले करीब तीन महीने से पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। इस दौरान मृतका को आरोपी पर दूसरी महिला से संबंध होने का शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

 

पुलिस के अनुसार 17 जून को दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर आरोपी ने साड़ी से गला घोंटकर मंगरिता एक्का की हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।

 

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पेट्रोल की बोतल, माचिस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *