CG News: बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम कर्रा में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। कपड़ा सुखाने के दौरान महिला करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने के लिए दौड़े पति को भी करंट लग गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घर में लगे अलवेस्टर सीट के लोहे के एंगल में करंट प्रवाहित हो रहा था। महिला कपड़े सुखाने के दौरान इसके संपर्क में आ गई और करंट की चपेट में आ गई। पत्नी को तड़पता देख पति उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्षेत्र में खराब मौसम और आंधी-तूफान के कारण बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया था। यह तार जीआई तार के संपर्क में आ गया, जिससे लोहे के एंगल में करंट प्रवाहित होने लगा। इसी कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विद्युत विभाग से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
