CG Adim Jati Vibhag Transfer: छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास विभाग ने प्रशासनिक आधार पर तीन अपर संचालकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। विभाग ने अनुसूचित क्षेत्रों में संचालित जनजातीय विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी और समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार विशेष केंद्रीय सहायता योजना (बस्तर पैकेज), धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान, वन अधिकार अधिनियम-2006, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, विभागीय छात्रावास एवं आश्रम संचालन, संविधान के अनुच्छेद 275(1) के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों तथा एकीकृत आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजनाओं के बेहतर संचालन को ध्यान में रखते हुए नई पदस्थापनाएं की गई हैं।![]()
इन अधिकारियों का हुआ तबादला
जितेंद्र कुमार गुप्ता को मिली नई जिम्मेदारी
जितेंद्र कुमार गुप्ता, जो वर्तमान में आयुक्त कार्यालय, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में पदस्थ थे, उन्हें अपर संचालक, परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें सरगुजा संभाग की विभागीय योजनाओं एवं कार्यों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनका मुख्यालय अंबिकापुर रहेगा।
राधेश्याम भोई होंगे बस्तर संभाग के नोडल अधिकारी
राधेश्याम भोई, जो वर्तमान में आयुक्त कार्यालय, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में कार्यरत थे, उन्हें अपर संचालक, परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र, जगदलपुर पदस्थ किया गया है। उन्हें बस्तर संभाग की विभागीय योजनाओं एवं कार्यों का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनका मुख्यालय जगदलपुर रहेगा।
तारकेश्वर देवांगन की नवा रायपुर वापसी
तारकेश्वर देवांगन, जो वर्तमान में परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर में अपर संचालक के पद पर कार्यरत थे, उन्हें स्थानांतरित कर आयुक्त कार्यालय, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास, इंद्रावती भवन, अटल नगर नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है।
15 जून तक कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को एकपक्षीय रूप से कार्यमुक्त करते हुए 15 जून 2026 तक नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जून 2026 का वेतन नवीन पदस्थापना वाले कार्यालय से आहरित किया जाएगा।


