CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में उधार दिए गए 10 हजार रुपए वापस मांगने पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम खोंड में हुए इस विवाद में आरोपी ने लोहे की टंगिया से हमला कर युवक का दाहिना कान काट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। (जांजगीर टंगिया से कान काटा)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खोंड निवासी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय ने अकलतरा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने कुछ समय पहले परिचित शनि केंवट को मकान निर्माण के लिए 10 हजार रुपए उधार दिए थे। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने पर उसने आरोपी से अपने पैसे लौटाने की मांग की।![]()
बताया गया कि 8 जून की रात करीब 8 बजे रघुनंदन ने गांव में शनि केंवट को देखकर उधारी की रकम वापस मांगी। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और आरोपी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। (जांजगीर उधारी के पैसे मांगने पर टंगिया से कान काटा)
कुछ देर बाद आरोपी शनि केंवट पीड़ित के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने अपने पास रखी लोहे की टंगिया से हमला कर दिया। हमले में रघुनंदन का दाहिना कान गंभीर रूप से घायल होकर कट गया। परिजनों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी शनि केंवट (45) निवासी ग्राम खोंड को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।


