CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इसके साथ ही अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।![]()
11 जून से और सक्रिय होगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 11 जून से प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है। सोमवार शाम रायपुर और दुर्ग जिले के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली।
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया। इस दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
40-50 km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। अगले दो दिनों तक भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। उमस और बादलों के बीच लोगों को गर्मी का असर महसूस हो सकता है।

