Bilaspur Suicide: बिलासपुर शहर में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कक्षा 9वीं की छात्रा ने अरपा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिवार में मातम पसर गया। यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
रात डेढ़ बजे घर से भागी छात्रा
जानकारी के अनुसार, मृतका छात्रा का नाम अदिति था, जो राजकिशोर नगर क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि वह रात में अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। रात करीब डेढ़ बजे अचानक वह कमरे से बाहर निकली और तेजी से दौड़ती हुई घर से बाहर चली गई।

उसकी बड़ी बहन ने भी पीछा किया और रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक अदिति अरपा नदी पर बने छठघाट पुल तक पहुंच गई और वहां से नदी में छलांग लगा दी। यह दृश्य देखकर उसकी बहन स्तब्ध रह गई।
घटना को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। कुछ देर की मशक्कत के बाद छात्रा का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

मृतका के पिता अरुण कुमार ने बताया कि घटना के वक्त वे और उनकी पत्नी ऊपर वाले कमरे में सो रहे थे, जबकि दोनों बेटियां नीचे पढ़ाई कर रही थीं। अचानक अदिति कमरे से निकली और भागने लगी। किसी को समझ नहीं आया कि उसने यह कदम क्यों उठाया। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
