CG News: बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में बिना वैध डिग्री के लोगों का इलाज करने का दावा करने वाले उत्तरप्रदेश के दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों युवक खुद को डॉक्टर बताकर दर्द का इलाज करने का दावा कर रहे थे। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों को सूचना मिली थी कि कुछ बाहरी युवक बिना किसी मान्यता प्राप्त डिग्री के इलाज कर रहे हैं। सूचना मिलने पर स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और दोनों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों युवक खुद को आयुर्वेदिक उपचार से जुड़ा बताते रहे और अपने एक रिश्तेदार को डॉक्टर बताने लगे, लेकिन उनके पास इलाज से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां और कुछ संदिग्ध चूर्ण बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि पुलिस पहुंचने से पहले उनका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस दोनों युवकों को थाने लेकर पहुंची, जहां पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मोहम्मद हकीम अकबर और मोहम्मद जैद बताया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दोनों बिना डिग्री इलाज कर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे थे और झूठे प्रचार के जरिए लोगों को भ्रमित कर रहे थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों युवकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

