Raipur Breaking: रायपुर में अफीम-डोडा की बड़ी खेप, ऐसे छिपाकर लाया था तस्कर

Raipur Breaking

Raipur Breaking: राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आमानाका थाना पुलिस ने पंजाब से अफीम और डोडा लेकर आए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेलर में प्रतिबंधित मादक पदार्थ छिपाकर रायपुर पहुंचा था और यहां इसकी सप्लाई की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15.25 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।

tcw

ट्रेलर में छिपाकर लाई गई थी खेप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामला आमानाका थाना क्षेत्र के अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेलर क्रमांक PB-05-AB-9313 का चालक भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर ट्रेलर को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलराम सिंह (55 वर्ष) बताया। आरोपी पंजाब के अमृतसर जिले का रहने वाला है और फिलहाल रायपुर के कबीर नगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।

Balrampur Afim Kheti:

डोडा और अफीम बरामद

पुलिस ने ट्रेलर की तलाशी ली तो उसमें बोरी में रखा 4 किलो 432 ग्राम डोडा और प्लास्टिक पन्नी में छिपाकर रखा 79.30 ग्राम अफीम बरामद हुआ। इसके अलावा एक रेडमी मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त मादक पदार्थ और ट्रेलर सहित कुल सामान की कीमत करीब 15 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है।

ACP की निगरानी में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल के मार्गदर्शन में एडीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी देवांश सिंह राठौर और एसीपी ईशु अग्रवाल की निगरानी में की गई। थाना प्रभारी आमानाका के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(B) और 18(B) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ पंजाब से किन लोगों के नेटवर्क के जरिए रायपुर पहुंचाया गया और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *