Rajim Accident: राजिम से नवापारा जा रहे बाइक सवार दो लोगों को महानदी पुल पर पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों लोग पुल से नीचे जा गिरे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, राजिम निवासी देवेंद्र शर्मा (55) अपने साथी सुनील जैन के साथ बाइक से राजिम से नवापारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महानदी पुल पर सामने से आ रहे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद देवेंद्र शर्मा पुल से नीचे जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथी सुनील जैन घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिकअप चालक की जांच जारी
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल पिकअप वाहन धमतरी-साकरा क्षेत्र का है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

