CG VIDEO: बिलासपुर में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना एक युवक को भारी पड़ गया। चाकू लहराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम लोखंडी निवासी साहिल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
जानकारी के मुताबिक, ग्राम लोखंडी निवासी साहिल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह हाथ में चाकू लेकर उसे लहराते हुए नजर आ रहा था। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी के दौरान दोस्तों के साथ मौजूद रहने के समय साहिल ने यह वीडियो बनाया था।
वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान साहिल यादव के रूप में हुई।
पहचान होने के बाद पुलिस ने साहिल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
