Entertainment News: कम बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। सीमित स्क्रीन्स और बिना बड़े प्रमोशन के रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। रिलीज के सात सप्ताह बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बरकरार है और 46वें दिन इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 350 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गया।
46वें दिन भी रही दमदार कमाई
फिल्म ने रिलीज के 46वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 4 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस दौरान देशभर में इसके 7,629 शो चले। वहीं ओवरसीज मार्केट से भी करीब 50 लाख रुपये की कमाई दर्ज की गई, जिससे फिल्म का कुल कारोबार लगातार बढ़ता रहा।
400 करोड़ क्लब की ओर बढ़ी फिल्म
अब तक फिल्म का भारतीय ग्रॉस कलेक्शन करीब 325 करोड़ रुपये पहुंच चुका है, जबकि नेट कलेक्शन 275.88 करोड़ रुपये बताया गया है। विदेशों से फिल्म ने 26.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही “हनुमान अंश” का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 352.30 करोड़ रुपये हो गया है।
अब फिल्म को 400 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने के लिए करीब 48 करोड़ रुपये की और जरूरत है। सातवें सप्ताह में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने से इसके इस लक्ष्य तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
46वें दिन कई बड़ी फिल्मों से आगे
46वें दिन की कमाई के मामले में “हनुमान अंश” ने कई चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, “जवान” ने अपने 46वें दिन करीब 41 लाख रुपये का कारोबार किया था, जबकि “धुरंधर 2” का 46वें दिन का कलेक्शन करीब 1.57 करोड़ रुपये रहा। इसके मुकाबले “हनुमान अंश” ने 46वें दिन करीब 4 करोड़ रुपये की कमाई कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की।
