CG Rain Alert: छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार दोपहर कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के चलते नेशनल हाईवे-30 पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान कुछ घंटों के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के अमरकंटक क्षेत्र में बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन पेंड्रा में तेज आंधी के कारण बिजली गुल हो गई। गौरेला ओवरब्रिज के पास कई पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
मनेंद्रगढ़ के जनकपुर इलाके में स्थिति और गंभीर रही, जहां नाले का पानी घरों में घुस गया। तेज आंधी के कारण मुख्य सड़क पर पीपल का पेड़ उखड़कर गिर गया, जिससे बिजली के तार टूट गए और क्षेत्र में अंधेरा छा गया।
अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक प्रदेशभर में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तापमान में गिरावट के आसार
मौसम में बदलाव के कारण अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। बीते 24 घंटों में राजनांदगांव 44 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



