CG Job: छत्तीसगढ़ के 10वीं पास युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुंगेली जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 22 सितंबर को जिला रोजगार कार्यालय एवं जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज परिसर, ग्राम जमकोर में आयोजित होगा।
रोजगार मेले का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां युवाओं का चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
140 पदों पर भर्ती
रोजगार मेले में कुल 140 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें फील्ड ऑफिसर के 50 पद शामिल हैं, जिनके लिए 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीटर टेक्नीशियन के 30 पदों के लिए आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा सेल्स ऑफिसर के 20 पदों के लिए बीएससी कृषि उत्तीर्ण, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव के 20 पदों के लिए 12वीं उत्तीर्ण और रिलेशनशिप मैनेजर के 20 पदों के लिए स्नातक उत्तीर्ण युवाओं को मौका मिलेगा।
जरूरी दस्तावेज
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों के पास जिला रोजगार कार्यालय का पंजीयन कार्ड होना जरूरी है। इच्छुक युवा निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

