CG News: गरियाबंद जिले के कोपरा क्षेत्र के ग्राम तर्रा में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर जांच शुरू कर दी है। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर गला घोंटकर हत्या करने का संदेह जताया है। अंतिम संस्कार के दौरान शव पर संदिग्ध निशान दिखाई देने के बाद परिजनों ने पुलिस से जांच की मांग की थी।
मायके पक्ष की शिकायत के बाद पांडुका पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर रविवार को नायब तहसीलदार एवं मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृतका बबीता का शव कब्र से बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
पति-पत्नी किराए के मकान में रहते थे
पुलिस के अनुसार, ग्राम तर्रा निवासी मनोज नवरंगे अपनी पत्नी बबीता के साथ महासमुंद जिले के ग्राम परसदा में किराए के मकान में रहता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बुधवार-गुरुवार की रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। मायके पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान पति ने बबीता की गला घोंटकर हत्या कर दी।
बताया गया कि घटना के बाद परिजनों को महिला की आकस्मिक मौत की सूचना दी गई। इसके बाद शव को पैतृक गांव तर्रा लाकर दफना दिया गया।
अंतिम संस्कार के दौरान हुआ शक
अंतिम संस्कार के समय मृतका के मायके पक्ष की महिलाओं ने उसके मुंह पर खून के निशान और शरीर की स्थिति देखकर संदेह जताया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
अंतिम संस्कार के बाद मायके पक्ष ने महासमुंद थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए महिला की मौत को संदिग्ध बताया और पति पर हत्या का संदेह जताया। शिकायत मिलने के बाद पांडुका पुलिस ने जांच शुरू की और शव दफन होने के कारण न्यायालय से अनुमति लेकर उसे कब्र से बाहर निकलवाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस और प्रशासन की निगरानी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया।

