Durg Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नगर निगम की कचरा गाड़ी ने स्कूटी सवार तीन दोस्तों को कुचल दिया, जिसमें दो की मौत हो गई और एक युवती घायल हो गई। हादसे में सड़क पार कर रही दो महिलाएं भी ट्रक की चपेट में आ गईं। यह घटना पटेल चौक कलेक्ट्रेट के सामने देर रात हुई।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान खिलेश्वर साहू (25 वर्ष) और सलमा (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, उनकी सहेली कुमोदनी गोड़ घायल हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। तीनों दोस्त रात में घूमने के लिए निकले थे और गंजपारा रोड से इंदिरा मार्केट की ओर जा रहे थे, तभी नगर निगम की कचरा गाड़ी (CG 07 CZ 4314) ने उन्हें रौंद दिया।
पहले देखिए इन तस्वीरों को..

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त ट्रक पुलगांव की दिशा से मालवीय रोड की ओर जा रहा था। ट्रक ने न सिर्फ स्कूटी सवारों को टक्कर मारी बल्कि सड़क पार कर रही दो महिलाओं को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, ट्रक डंपिंग यार्ड जा रहा था। ड्राइवर की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल से क्षतिग्रस्त स्कूटी (CG 07 CY 5899), मृतकों की चप्पलें और खून के निशान मिले हैं। मृतकों को बाहरी चोटें कम थीं लेकिन अंदरूनी चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि चालक नशे में था या नहीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पटेल चौक क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही रात के समय बंद होनी चाहिए, क्योंकि दिवाली के मौके पर बाजार में भीड़ अधिक होती है। हादसे के बाद लोगों में नगर निगम और यातायात व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई।
