CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नशे की शिकायत करना एक परिवार को भारी पड़ गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में गांजा पीने की शिकायत से नाराज युवक ने शिकायतकर्ता के पिता और ज्वेलर्स के सिक्योरिटी गार्ड पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांजा पीने की शिकायत पर नाराज हुआ युवक
जानकारी के अनुसार, जूनीलाइन निवासी आदित्य रजक के पिता राजेंद्र रजक सदर बाजार के करोना चौक स्थित राकेश ज्वेलर्स में सिक्योरिटी गार्ड हैं। मोहल्ले में रहने वाला सत्येंद्र यादव अपने दोस्तों के साथ आए दिन गांजा पीता था।
आदित्य ने इसका विरोध किया और मामले की शिकायत थाने में भी की थी। इसी बात को लेकर सत्येंद्र उससे नाराज था और बदला लेने की फिराक में था।
दुकान में घुसकर किया हमला
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले आदित्य के घर पहुंचा, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद वह सीधे ज्वेलर्स की दुकान पहुंच गया। आरोपी दुकान के अंदर घुसा और ड्यूटी कर रहे राजेंद्र रजक पर चापड़ से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद आदित्य दुकान पहुंचा। इस दौरान आरोपी ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया।
घायल राजेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। फिलहाल उनका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी सत्येंद्र यादव को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

