Durg Train Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। इयरफोन लगाकर गाना सुन रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 7:45 बजे की है। युवक काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन से टकरा गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा ठगड़ा बांध रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। मृतक की पहचान 22 वर्षीय विष्णु यादव (Vishnu Yadav train death Durg) के रूप में हुई है, जो विद्युत नगर के पास जोगी नगर का निवासी था और मजदूरी करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के कानों में इयरफोन लगे थे और वह मोबाइल पर गाना सुनते हुए ट्रैक पार कर रहा था, तभी अंतागढ़ से रायपुर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया। (Durg Railway track Earphone Death Case)

ट्रेन की गति इतनी तेज थी कि टक्कर लगने के बाद विष्णु यादव लगभग 50 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पर युवक का टिफिन, चार्जर केबल और चप्पल बिखरे हुए मिले। शव के कई हिस्से रेलवे लाइन पर बिखरे थे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि मृतक अपने माता-पिता के तीन बेटों में सबसे छोटा था। उसके निधन से परिवार में गहरा शोक है।
