Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव खूंटाघाट डैम के पास झाड़ियों के बीच मिला है। महिला के दोनों पैर साड़ी से बंधे हुए थे और शव करीब एक हफ्ते पुराना बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई है।

गंध से खुला राज, ग्रामीणों ने दी सूचना
डैम के पास से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला के सिर्फ 10 प्रतिशत अंग ही बचे हैं, जबकि बाकी शरीर पूरी तरह डिस्पोज हो चुका था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया और शव की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है।

डैम किनारे झाड़ियों में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, खूंटाघाट डैम के बोटिंग प्वाइंट से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में यह शव पड़ा था। पुलिस ने बताया कि किसी ने साड़ी से महिला के पैर बांधकर जलाया था, जिससे साड़ी जलकर पैरों से चिपक गई थी।
पुलिस को इस मामले में हत्या की पूरी संभावना नजर आ रही है।

पुलिस जांच में जुटी
रतनपुर थाना पुलिस ने बताया कि शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल जांच जारी है।
