CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान लगातार गिर रहा है। अम्बिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।

राजधानी में भी बढ़ी सर्दी
रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.2°C और माना में 12.6°C दर्ज किया गया। मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 29.4°C रहा। वहीं बिलासपुर में 28.2°C, पेंड्रारोड में 26.8°C, अम्बिकापुर में 26.2°C, जगदलपुर में 30.7°C और दुर्ग में 29.8°C रिकॉर्ड किया गया।

मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा
मैदानी क्षेत्रों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.2°C तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब 7 डिग्री कम रहा। प्रदेश में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 30.7°C जगदलपुर में और सबसे कम 7.6°C अम्बिकापुर में दर्ज किया गया।
रायपुर में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में बुधवार को आकाश साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 14°C रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और देर रात ठंड महसूस की जाएगी।
