Khairagarh News: पैरा के ढेर में मिली जली लाश, आग की लपटें देख खेत पहुंचे थे ग्रामीण

Khairagarh News:

Khairagarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां खेत में रखे पैरा (भूसा) के ढेर के बीच एक बुजुर्ग की जली हुई लाश मिली है। खेत से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

बता दें, सोमवार सुबह खेत से अचानक धुआं उठता दिखा। जब लोग पास पहुंचे तो पैरा के ढेर में आग लगी हुई थी और उसके बीच एक जला हुआ शव नजर आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना गंडई थाना क्षेत्र के मानपुर नाका इलाके की है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार मानपुर नाका क्षेत्र में सोमवार सुबह खेत से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें जली हुई लाश मिली। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।

जांच के दौरान शव के पास मिली छड़ी और अन्य पहचान के आधार पर मृतक की पहचान दुर्जनराम वर्मा (95 वर्ष) के रूप में हुई है। वे मानपुर नाका क्षेत्र के धरसिया वर्मा के बेटे थे।

आग लगने की वजह अब तक साफ नहीं

स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्जनराम वर्मा उसी खेत के आसपास रहते थे, जहां यह घटना हुई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग कैसे लगी और बजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर सबूत जुटाए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच चल रही है। शुरुआती जांच में हादसा, लापरवाही या किसी आपराधिक साजिश तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। खैरागढ़ एडिशनल एसपी नितेश गौतम ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। सभी एंगल से जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *