CG News: आत्मानंद स्कूल में छात्राओं से पुताई कराते शिक्षक, प्रैक्टिकल नंबर बढ़ाने का दिया था लालच; वीडियो वायरल

CG News:

CG News: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के डोंगाकोहरौद स्थित स्वामी आत्मानंद हाई स्कूल में छात्रों से कक्षा की पुताई कराए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें छात्र-छात्राएं ब्रश और रंग लेकर क्लासरूम की दीवारें रंगते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, स्कूल के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को अच्छे प्रैक्टिकल नंबर देने का लालच देकर पुताई का काम कराया था। वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के आदेश जारी किए हैं।

DEO ने गठित की जांच समिति

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक समिति गठित की थी। पामगढ़ बीईओ ने स्कूल का निरीक्षण कर प्राचार्य से स्पष्टीकरण मांगा। प्रारंभिक रिपोर्ट में प्राचार्य ने स्वीकार किया कि कक्षा की सजावट का कार्य कराया गया था, लेकिन उन्होंने यह दावा किया कि छात्र-छात्राओं ने यह काम “अपनी मर्जी से” किया था।

छात्रों ने खोली सच्चाई

हालांकि, जांच टीम ने जब छात्रों से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई। छात्र-छात्राओं ने बताया कि प्राचार्य ने उन्हें कहा था कि जो बच्चे अपनी-अपनी कक्षा की पुताई करेंगे, उन्हें प्रैक्टिकल में अच्छे नंबर दिए जाएंगे। यह सुनकर छात्र कक्षा की रंगाई में जुट गए थे।

कलेक्टर ने दिए अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश

जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी गई, जिसके बाद कलेक्टर ने दोषी प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा के नाम पर छात्रों से किसी भी तरह का श्रम कार्य कराना नियमों के विरुद्ध है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल

घटना को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा-

“शिक्षा का मंदिर बना पुताई घर, बच्चे बन गए मजदूर! दिवाली से पहले शिक्षक बच्चों से क्लासरूम की रंगाई करवा रहे हैं। शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री कहां हैं? जब बच्चों की पढ़ाई ही तिरस्कृत हो रही है, तो ‘विकास’ के दावे सिर्फ़ पोस्टरों तक ही क्यों सीमित रह गए हैं?”

प्रशासन ने कहा – नहीं बख्शे जाएंगे जिम्मेदार

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य और शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देखिए वीडियो –

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *