Raipur Breking: राजधानी रायपुर के चर्चित मैग्नेटो मॉल में स्थित बारबेक्यू नेशन रेस्टोरेंट में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। रेस्टोरेंट के एक पूर्व कर्मचारी ने ही शनिवार रात तिजोरी तोड़कर करीब 2 लाख 31 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। घटना की शिकायत तेलीबांधा थाना में दर्ज की गई है, जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात आरोपी आयान कुमार गुप्ता, जो पहले इसी रेस्टोरेंट में काम कर चुका था, हथौड़ा लेकर मॉल पहुंचा। आरोपी ने रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर तिजोरी तोड़ी और उसमें रखी नकदी निकाल ली।

रेस्टोरेंट मैनेजर रविन्द्र भगत ने बताया कि घटना की जानकारी अगले दिन सुबह हुई, जब उन्होंने देखा कि तिजोरी टूटी हुई है और पैसे गायब हैं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
गौर करने वाली बात यह है कि मैग्नेटो मॉल परिसर में 20 से अधिक सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहते हैं और पूरा इलाका CCTV कैमरों से लैस है। इसके बावजूद आरोपी हथौड़ा लेकर मॉल में दाखिल हुआ, चोरी की वारदात को अंजाम दिया और आसानी से बाहर निकल गया। इस पूरे मामले ने मॉल सिक्योरिटी सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस जांच में जुटी
तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। CCTV फुटेज की जांच जारी है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पूरा ब्यौरा मिल सके।
