CG Ration Card Update: छत्तीसगढ़ में अब 32 लाख राशन कार्डधारकों को नवंबर से मुफ्त राशन नहीं मिलेगा। राज्य सरकार ने ऐसे सभी हितग्राहियों के राशन कार्ड निरस्त कर दिए हैं, जिन्होंने अब तक E-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि पिछले एक साल से ये लोग न तो राशन लेने आए हैं, न ही केवाईसी करवाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 95 लाख राशन कार्डधारी परिवार हैं और लगभग 2 करोड़ 73 लाख हितग्राही लाभ ले रहे हैं। इनमें से 32 लाख लोगों का कार्ड सस्पेंड कर दिया गया है।

नवंबर से नहीं मिलेगा राशन
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि 31 अक्टूबर तक जिन परिवारों की E-KYC नहीं होगी, उन्हें 1 नवंबर से मुफ्त राशन का लाभ नहीं मिलेगा। यह कदम फर्जी हितग्राहियों को हटाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
कैसे करें E-KYC
1. अपने क्षेत्र की राशन दुकान पर जाएं।
2. सभी परिवार सदस्यों के आधार कार्ड लेकर जाएं।
3. दुकान में बायोमेट्रिक (अंगूठे का निशान) से सत्यापन होगा।
4. मिलान होते ही आपकी E-KYC पूरी हो जाएगी।

कांग्रेस का आरोप- जनता से राशन छीना जा रहा
कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह पूरी तरह षड्यंत्र है। सरकार जनता से उनका राशन छीन रही है। पहले ही सभी राशन कार्ड में आधार लिंक कराए गए थे, अब दोबारा केवाईसी के नाम पर गरीबों को परेशान किया जा रहा है।
