Rajim Fake cough syrup: राजिम में बिक रहा था नकली कफ सिरप, मेडिकल सील, संचालक पर कार्रवाई

Rajim Fake cough syrup: छत्तीसगढ़ के राजिम में बड़ा फार्मा फ्राॅड सामने आया है। जिस कफ सिरप के कंटेंट से राजस्थान में बच्चों की मौतें हुई थीं, उसी Besto-Cof सिरप को राजिम के कुलेश्वर मेडिकल स्टोर में बेचा जा रहा था। जांच रिपोर्ट में सिरप को नकली पाया गया है। रिपोर्ट आते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मेडिकल को सील कर दिया और उसका लाइसेंस रद्द कर दिया है। अब विभाग कोर्ट में परिवाद पेश कर मेडिकल संचालक सीताराम साहू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। (Rajim Kuleshwar medical store sealed)

छापा मारते ही खुला फार्मा फ्राॅड (Rajim Nakli Cough Syrup)

खाद्य औषधि विभाग को सूचना मिली थी कि राजिम के कुलेश्वर मेडिकल में एक्सपायरी दवाओं पर री-टैगिंग कर दोबारा बेचा जा रहा है। इसी सूचना पर 21 जुलाई को ड्रग इंस्पेक्टर धर्मवीर ध्रुव की टीम ने छापा मारा। जांच में नशीली दवाओं के साथ कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। इसी दौरान टीम ने Besto-Cof नाम का कफ सिरप भी जब्त किया, जिसकी लैब रिपोर्ट 11 अक्टूबर को आई और उसमें दवा के घटक अमानक व मात्रा कम पाई गई।

फर्जी बिल से बचने की कोशिश, रायपुर में केस दर्ज

पूछताछ में मेडिकल संचालक ने दावा किया कि सिरप रायपुर की KPS फर्म से खरीदा गया है और उसने उसका बिल भी दिखाया, लेकिन जांच में वह फर्जी निकला। दरअसल, बिल किसी दूसरी दवा का था जिसे गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद KPS फर्म ने रायपुर सिविल लाइन थाने में राजिम मेडिकल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

कंपनियों ने भी सिरप को माना नकली (Besto-Cof syrup scam Rajim)

औषधि प्रशासन ने कफ सिरप बनाने वाली आज्ञा बायोटेक (हरिद्वार) और मार्केटिंग कंपनी को पत्र भेजकर जांच कराई। दोनों कंपनियों ने सैंपल के नकली होने की पुष्टि की। अब विभाग यह पता लगा रहा है कि यह नकली दवा कहां से आई और कितनी मात्रा में अन्य जगहों पर बेची गई।

झोलाछाप डॉक्टरों तक पहुंच रही थी नकली दवा

जानकारी के मुताबिक, यह मेडिकल बहुत सस्ते दामों पर दवाएं बेचता था, इसलिए फिंगेश्वर और छुरा क्षेत्र के 100 से ज्यादा झोलाछाप डॉक्टर यहां से थोक में दवाएं खरीदते थे। नियमों के खिलाफ इलाज करने वाले इन डॉक्टरों के लिए यह मेडिकल वरदान साबित हो रहा था।

प्रशासन ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

ड्रग इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ध्रुव ने बताया कि कुलेश्वर मेडिकल संचालक के खिलाफ परिवाद पेश किया जा रहा है। नकली सिरप से जुड़ी सभी जानकारियों की जांच जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *