CG Accident: रायपुर-बिलासपुर हाइवे पर तीन दिन में तीन हादसे, चार की मौत, नहीं पहने थे हेलमेट; मां-बेटे समेत संपादक की दर्दनाक मौत

CG Accident:

CG Accident: रायपुर-बिलासपुर हाइवे पर सांकरा से सिमगा सिक्स लाइन के बीच सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को एक और दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। पिछले तीन दिनों में हुए तीन हादसों में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों में एक स्थानीय अखबार दबंग दुनिया के संपादक भी शामिल हैं। हैरानी की बात यह है कि तीनों हादसे बीच वाली थ्री लाइन में हुए और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।

तेज रफ्तार हाइवा ने मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मृतक धनंजय कुमार साहू (42 वर्ष) पुत्र रामकुमार साहू अपनी मां पार्वती साहू के साथ बाइक (क्रमांक CG 04 FJ 4351) से धरसींवा की ओर आ रहे थे।

अमर जवान पेट्रोल पंप के पास, बिलासपुर से रायपुर जा रहे तेज रफ्तार हाइवा (क्रमांक CG 22 J 7717) ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी और दोनों को रौंद दिया। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही धरसींवा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Raipur News

दो दिन पहले महिला की गई थी जान

8 अक्टूबर को भी इसी मार्ग पर मुरकुटा नांदघांट निवासी नेहा सैन (24 वर्ष) की बाइक फिसलने से मौत हो गई थी। वह अपने मायके सोन डोंगरी, कबीरनगर जा रही थीं। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से इलाज के दौरान 9 और 10 अक्टूबर की दरम्यानी रात उन्होंने डीकेएस अस्पताल में दम तोड़ दिया।

संपादक की भी सड़क पर मौत

इसी हाइवे पर दो दिन पहले दबंग दुनिया अखबार के संपादक आनंद प्रकाश दीक्षित की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वे अपनी बाइक (CG 04 NK 7449) से सिमगा से रायपुर जा रहे थे। मोहदा ओवरब्रिज के ऊपर एक ट्रक (CG 04 PW 9027) ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

तीन दिन, तीन हादसे, चार मौतें

धरसींवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर–बिलासपुर हाइवे पर तीन दिन में हुए तीन हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर चलने के नियमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सभी मृतक बिना हेलमेट यात्रा कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को कड़ा करने और ओवरस्पीड वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *