CG News: Bilaspur: न्यायधानी बिलासपुर में नगर निगम की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बहतराई रोड स्थित गीतांजलि सिटी फेस-1 में बने तीन मंजिला अवैध बिल्डिंग को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस बिल्डिंग में बिना अनुमति OYO होटल का संचालन किया जा रहा था।
पार्षद की शिकायत पर हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, यह बिल्डिंग गायत्री केडिया नाम की महिला की है। बिना भवन अनुमति लिए उन्होंने यहां 17 कमरों का होटल बना लिया था। निगम से नक्शा स्वीकृत न होने के बावजूद OYO का बोर्ड लगाकर होटल संचालन किया जा रहा था।
पार्षद रेखा पांडेय ने इस पूरे मामले की शिकायत नगर निगम कमिश्नर से की थी। शिकायत के बाद जब निगम की भवन शाखा ने स्थल निरीक्षण किया, तो पाया गया कि बिल्डिंग का निर्माण और होटल संचालन दोनों अवैध हैं।
निगम की टीम ने होटल किया सील
निरीक्षण के बाद निगम कमिश्नर के निर्देश पर भवन शाखा की टीम मौके पर पहुंची और होटल को सील कर दिया। टीम ने वहां मौजूद स्टाफ से पूछताछ की, लेकिन वे किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
सूत्रों के मुताबिक, पहले इस बिल्डिंग पर OYO का बोर्ड लगा हुआ था, लेकिन विवाद बढ़ने पर उसे हटा दिया गया था। इसके बावजूद होटल का संचालन गुपचुप तरीके से जारी था।
निगम अधिकारियों ने बताया कि अब बिल्डिंग मालिक के खिलाफ बिल्डिंग बायलॉज के उल्लंघन का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस इलाके में अन्य अवैध निर्माणों की भी जांच शुरू की गई है।
