Raipur News: राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। सोनडोंगरी तालाब में नहाने गया एक युवक डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन देर से शुरू किया, जिसकी वजह से युवक की जान नहीं बच सकी।
2 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक वह पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने यह दृश्य देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो घंटे तक युवक को तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान तालाब में युवक का शव पानी में तैरते हुए पाया गया। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
इस घटना के बाद सोनडोंगरी इलाके में तनाव फैल गया और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और घटना के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुँचकर स्थिति को काबू में करने का प्रयास करती रही। इस दौरान 3 घंटे तक हाइवे पर लंबा जाम लगा रहा, पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि युवक की मौत हादसे के कारण हुई है और इस मामले में किसी अपराध की आशंका नहीं है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से कहा कि तालाब क्षेत्र में सुरक्षा उपायों की कमी है।
