Bhilai Police Video: ट्रैफिक SI का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, लाइन अटैच

Bhilai Police Video

Bhilai Police Video: दुर्ग जिले में पुलिस विभाग से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर एक युवक से चालान से बचाने के बदले 200 रुपए लेते नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में एक कॉन्स्टेबल हत्या के प्रयास के आरोपी बताए जा रहे युवक के साथ हाथ मिलाते और गले मिलते दिखाई दे रहा है।

जानकारी के अनुसार पहला वीडियो दुर्ग ट्रैफिक पुलिस से जुड़ा हुआ है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन एक युवक से पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एसआई युवक को पैसे गिनने के लिए कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक एसआई महेश्वर देवांगन को लाइन अटैच कर दिया है।

इस मामले में ट्रैफिक टीआई टीडी चंद्रा ने पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय कार्रवाई की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

वहीं दूसरा वीडियो पावर हाउस रेलवे स्टेशन के सामने का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में छावनी थाना में पदस्थ कॉन्स्टेबल प्रमोद साहू एक युवक से हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आ रहे हैं। युवक की पहचान बाबू खान के रूप में बताई जा रही है, जिसके खिलाफ जामुल थाना में हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत मामला दर्ज है। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल जमानत पर बाहर है और पहले भी जेल जा चुका है।

सूत्रों के मुताबिक प्रमोद साहू का हाल ही में बालोद से दुर्ग छावनी थाना में तबादला हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग अब इस मामले की भी जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की पहचान और वीडियो की सत्यता की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *