CG Milk Price: दूध का रेट 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ा, किसानों को होगा फायदा, इस दिन से नया रेट लागू…

CG Milk Price

CG Milk Price: छत्तीसगढ़ के दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए खुशखबरी है। दुग्ध महासंघ ने किसानों से खरीदे जाने वाले दूध का रेट बढ़ाने का फैसला किया है। 1 अक्टूबर से किसानों को दूध के प्रति लीटर दाम में 2 रुपए तक की बढ़ोतरी मिलेगी।

दिसंबर 2024 में NDDB (राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड) में मर्जर के बाद यह दुग्ध महासंघ का पहला बड़ा निर्णय है। बढ़े हुए रेट लागू होने के बाद अब किसानों से दूध 35.04 रुपए से लेकर 45.55 रुपए प्रति लीटर तक खरीदा जाएगा।

जानकारी के अनुसार, दूध का मूल्य फैट और एसएनएफ (Solid-Not-Fat) की मात्रा के आधार पर तय होगा। वहीं, किलोग्राम में रेट 292 रुपए प्रति किलोग्राम कुल ठोस पदार्थ रहेगा। फिलहाल किसानों से दूध 280 रुपए प्रति किलोग्राम कुल ठोस पदार्थ की दर पर खरीदा जा रहा था।

देवभोग दूध की कीमत नहीं बढ़ेगी

महासंघ का कहना है कि दूध खरीदी दर बढ़ने का असर बाजार में बिकने वाले पैकेटबंद देवभोग दूध की कीमतों पर नहीं पड़ेगा। उपभोक्ताओं के लिए दूध की दर यथावत रखी जाएगी।

सरकारी विभागों के लिए खरीदी अनिवार्य

देवभोग दूध की गिरती बिक्री को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी विभागों, निगम-मंडल और सरकारी उपक्रमों को देवभोग दूध की खरीदी अनिवार्य कर दी है। इसके लिए किसी निविदा की जरूरत नहीं होगी।

एनडीडीबी रायपुर के एमडी सेकत सामंता ने कहा- “किसानों को दूध का उचित मूल्य मिले और वे ज्यादा से ज्यादा दूध दुग्ध महासंघ को दें, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *