Raigarh Suicide: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां नर्सिंग की छात्रा ने प्रेम प्रसंग में मिले धोखे से आहत होकर आत्महत्या कर ली। मृतका बीते दो वर्षों से केरियर कॉलेज रायगढ़ में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी।
मृतका की पहचान रिया राय (21 वर्ष) के रूप में हुई है।रिया मूल रूप से धरमजयगढ़ की रहने वाली थी और रायगढ़ के चिटकाकानी इलाके में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि रुपूंगा गांव निवासी बाबी डनसेना नामक युवक ने शादी का झांसा देकर रिया को अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर धोखा दिया।

करीब आठ सालों से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। परिजनों के मुताबिक, बाबी डनसेना पहले से शादीशुदा है, इसके बावजूद उसने रिया से विवाह करने का वादा किया और भावनात्मक रूप से छल किया। इस धोखे से आहत होकर रिया ने जहर पीकर अपनी जान दे दी।
घटना के बाद परिजनों ने रिया को पहले धरमजयगढ़ अस्पताल ले जाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया। इलाज के दौरान रिया की मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि हमारी बेटी को जिसने धोखा दिया, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि कोई और बेटी ऐसे जाल में न फंसे। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
