CG News: पीएम जनमन योजना के तहत 5 बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति

CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन योजना) के तहत जशपुर जिले को पांच बड़े पुलों की सौगात मिली है।

राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन पुलों के निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण से जिले के दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा ग्रामीण बसाहटों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होगा।

बगीचा विकासखंड में बनेंगे 5 पुल

पीएम जनमन योजना के तहत वर्ष 2026-27 के बैच-1 में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ में 167 पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच वृहद पुल शामिल हैं।

स्वीकृत कार्यों के तहत डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है।

इसके अलावा कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये और कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।

बारहमासी आवागमन से ग्रामीणों को मिलेगी राहत

इन पुलों के बनने से बारिश के मौसम में नालों के कारण बाधित होने वाले आवागमन की समस्या दूर होगी। ग्रामीणों को सालभर बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सुविधा होगी।

बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार, रोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं और आवश्यक सेवाओं की पहुंच दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक आसान हो सकेगी।

तकनीकी स्वीकृति के बाद शुरू होगा निर्माण

शासन द्वारा स्वीकृत सभी पुलों का निर्माण निर्धारित राशि के अंतर्गत कराया जाएगा। तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *