CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक; कोरबा-रायगढ़ में झमाझम बारिश, उत्तर छत्तीसगढ़ में अलर्ट जारी

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में आखिरकार मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को कोरबा और रायगढ़ में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से जहां लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली, वहीं कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

 

जानकारी के अनुसार, पिछले 25 दिनों से बस्तर में ठहरा हुआ मानसून अब सक्रिय हो चुका है। सोमवार को यह रायपुर होते हुए सरगुजा पहुंचा। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों के भीतर यह पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा।

उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

 

मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासकर गौरेला-पेंड्रा-मारवाही, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

 

रायपुर-दुर्ग समेत 10 जिलों में यलो अलर्ट

 

वहीं रायपुर, दुर्ग समेत 10 जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों के लिए केवल बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

तापमान में गिरावट दर्ज

 

लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को दुर्ग 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *