CG MUNGELI NEWS: पत्नी से प्रताड़ित पति ने मांगी इच्छा मृत्यु, बोला – जीने की कोई वजह नहीं बची

CG MUNGELI NEWS: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने कलेक्टर से इच्छा मृत्यु की मांग की है। युवक का आरोप है कि उसे उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष लगातार मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

पति की गुहार – “इच्छा मृत्यु की इजाजत दीजिए”

लोरमी तहसील के झाफल गांव निवासी प्रवीण सिंह राजपूत ने कलेक्टर से कहा कि उसकी जिंदगी अब बोझ बन गई है। 2020 में विवाह के बाद से ही पत्नी और उसके मायके वाले उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि पत्नी ने कई बार झूठे आत्महत्या के नाटक कर उसे फंसाने की कोशिश की और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं।

प्रवीण ने बताया कि उसने 4 जून को थाना लोरमी में शिकायत दी थी, लेकिन वहां उसकी बात नहीं सुनी गई। अब जब उसकी पत्नी ने घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करवा दिया है, तो वह न्याय की उम्मीद छोड़ चुका है और प्रशासन से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांग रहा है।

पत्नी का पलटवार – “वो खुद महिलाओं से वीडियो कॉल करता है”

वहीं प्रवीण की पत्नी ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि शादी के बाद से अब तक उसके पास खुद का मोबाइल फोन भी नहीं है। आरोप है कि प्रवीण खुद दूसरी महिलाओं से वीडियो कॉल पर बातें करता है और जब उसकी हरकतें उजागर होने लगीं तो अब खुद को बचाने के लिए उसके चरित्र पर सवाल उठा रहा है।

पत्नी ने यह भी कहा कि पति ने उसके साथ इतनी बुरी तरह मारपीट की थी कि उसे 24 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। हर बार जब वह मारता है, तो गला दबाने की कोशिश करता है।

कलेक्टर और पुलिस प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

जनदर्शन में मामला सामने आने के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार ने इस प्रकरण को पारिवारिक परामर्श केंद्र में भेज दिया है, ताकि दोनों पक्षों को समझाया जा सके और सुलह की कोशिश की जा सके।

वहीं एसपी भोजराम पटेल ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *