CG Patwari Strike: छत्तीसगढ़ में तीन हजार से अधिक पटवारियों की हड़ताल का असर राजस्व विभाग के कामकाज पर साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि सरकार की वैकल्पिक व्यवस्था के चलते धान खरीदी फिलहाल सामान्य रूप से जारी है। खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए मार्कफेड, सहकारिता और अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
धान खरीदी पर नहीं पड़ा असर
धान खरीदी के शुरुआती दो दिनों में 7 लाख 62 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। सरकार का दावा है कि वैकल्पिक व्यवस्था के कारण किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। हालांकि राजस्व विभाग से जुड़े अन्य कार्यों पर हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिल रहा है।
आज निकालेंगे आक्रोश रैली
अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत पटवारी आज आक्रोश रैली निकालेंगे। वहीं राजस्व निरीक्षक (आरआई) संघ ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है। इससे राजस्व विभाग के कामकाज पर दबाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
राजस्व सेवाएं हुईं प्रभावित
पटवारियों की हड़ताल से नामांतरण, बंटवारा, फौती, सीमांकन, फसल सर्वे और आय, जाति व निवास प्रमाण पत्रों के सत्यापन जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। तहसीलों में रोजाना पहुंचने वाले लोगों को बार-बार लौटना पड़ रहा है और राजस्व प्रकरणों के निपटारे में लगातार देरी हो रही है।
तहसीलदार और RI भी कर चुके हैं विरोध
पटवारियों के समर्थन में इससे पहले 500 से अधिक तहसीलदार और नायब तहसीलदार एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहे थे, जिससे करीब 20 हजार राजस्व प्रकरण प्रभावित हुए। इसके बाद राजस्व निरीक्षकों ने भी सामूहिक अवकाश लेकर आंदोलन का समर्थन किया।
450 RI सर्किल खाली
राजस्व निरीक्षक संघ के अनुसार प्रदेश में करीब 450 आरआई सर्किल खाली पड़े हैं। कई निरीक्षकों को अतिरिक्त क्षेत्रों का प्रभार संभालना पड़ रहा है। इसके साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक किसान पंजीयन, फसल सर्वे के अनुमोदन, प्रमाण पत्र सत्यापन और अन्य राजस्व कार्यों की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी निभानी पड़ रही है, जिससे कार्यभार लगातार बढ़ रहा है।



