CG School Bee Attack: कोरिया जिले के चरचा कॉलरी स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में मंगलवार को मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में करीब 50 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। कई बच्चों को मधुमक्खियों ने एक से ज्यादा बार डंक मारा। घायल बच्चों को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 12 बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है।
12 बजे स्कूल परिसर में हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक मधुमक्खियों का झुंड पहुंच गया और बच्चों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान करीब 50 बच्चों को डंक लग गया। कई बच्चों के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में कई बार डंक मारे गए।
घायल बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
घटना के बाद घायल बच्चों के परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चों को चरचा रीजनल अस्पताल लेकर गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल करीब 12 बच्चों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
स्कूल प्रबंधन की व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करने के बजाय परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद वे खुद बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहीं, बड़ी संख्या में बच्चों के घायल होने के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।



