Raipur Loot: राजधानी रायपुर में फूड डिलीवरी बॉय के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सडडू बाजार चौक में स्विगी डिलीवरी बॉय को चाकू दिखाकर दो बदमाशों ने मोबाइल फोन और 500 रुपए नकद लूट लिए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मामले में विधानसभा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान तोष यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम छोटे टेमरी, बसना थाना क्षेत्र, जिला महासमुंद का निवासी है। वर्तमान में वह रायपुर के संतोषी नगर स्थित भैरव नगर में किराए के मकान में रहकर स्विगी कंपनी में डिलीवरी का काम करता है।

पीड़ित के अनुसार, 4 जनवरी की रात करीब 1.30 बजे उसे शंकर नगर स्थित बर्गर किंग से पार्सल डिलीवरी का ऑर्डर मिला था। वह करीब 2 बजे बताए गए लोकेशन सडडू बाजार चौक पहुंचा, जहां दो युवक पहले से मौजूद थे। जैसे ही उसने पार्सल सौंपा, एक युवक ने ऑर्डर कैंसिल कराने की बात कही और अचानक जेब से बटनदार चाकू निकालकर उसे डराने लगा। इसी दौरान दूसरे युवक ने पीछे से पकड़ लिया।
दोनों आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल फोन छीन लिया और उसकी जेब से 500 रुपए निकाल लिए। लूट के बाद बदमाशों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। डरा-सहमा डिलीवरी बॉय किसी तरह परिजनों की मदद से थाने पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। विधानसभा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
