Raipur News: कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नारायणपुर में पदस्थ निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की रिपोर्ट के आधार पर की है।
विभागीय मर्यादा के विपरीत पाया गया आचरण
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक विनीत दुबे का आचरण संदिग्ध और विभागीय मर्यादा के विपरीत पाया गया। यह कार्रवाई रायपुर के तेलीबांधा थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़े मामले में की गई है। पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की सूचना लीक होने के बाद विभागीय जांच शुरू की गई थी।
दबिश से पहले फरार हो गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, रंगदारी मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए खम्हारडीह समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश की योजना बनाई गई थी। लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया। इसके बाद गोपनीय सूचना लीक होने की आशंका जताई गई और पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू की गई।
कमिश्नर की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
बस्तर आईजी कार्यालय के आदेश के मुताबिक, रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर 2026 को निरीक्षक विनीत दुबे के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन भेजा था। जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर रहेगा और नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
2 आरक्षक पहले ही हो चुके हैं निलंबित
इस मामले में गोपनीय जानकारी लीक होने के संदेह में पुलिस विभाग पहले भी कार्रवाई कर चुका है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी पहले निलंबित किया जा चुका है। मामले की जांच अभी जारी है।



