CG Jail Prisoner Death: जेल में कैदी की मौत, चक्कर खाकर गिरा बंदी; हाल ही में 4 कैदी हुए थे फरार

mahasamund jail

CG Jail Prisoner Death: महासमुंद जिला जेल में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कैदी जेल में चक्कर खाकर गिर गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

साल 2023 से NDPS मामले में था बंद

मृतक की पहचान बिलासपुर के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर निवासी सैय्यद अशफाक के रूप में हुई है। वह वर्ष 2023 से एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में महासमुंद जिला जेल में बंद था। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद जेल प्रशासन ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

हाल ही में जिला जेल से चार बंदियों के फरार होने की घटना के बाद अब कैदी की मौत ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

हाल ही में 4 कैदी हुए थे फरार

गौरतलब है कि 16 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे महासमुंद जिला जेल से चार बंदी दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के आरोप में जेल में निरुद्ध था।

CG Jail Escape: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से सोमवार तड़के 4 कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। फरार कैदियों में तीन एनडीपीएस एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक कैदी चोरी के मामले में जेल में बंद था। घटना की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने की है। कैदियों के फरार होने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सभी फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

एक फरार कैदी को पुलिस ने दबोचा

फरार बंदियों में शामिल पंचराम को महासमुंद पुलिस ने करीब 120 किलोमीटर दूर सरायपाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पंचराम सक्ती जिले के चंद्रपुर का रहने वाला है और पुलिस के अनुसार वह जेल से फरार होने की घटना का मुख्य साजिशकर्ता था। बताया जा रहा है कि वह पहले भी अन्य जिलों से फरार होने की घटनाओं में शामिल रह चुका है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *