CG DA Hike: छत्तीसगढ़ के IAS-IPS अफसरों का बढ़ा महंगाई भत्ता, अब 63 % मिलेगा DA, आदेश जारी

DA Hike 2026

CG DA Hike: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में कार्यरत अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की सौगात दी है। राज्य शासन ने IAS और IPS अधिकारियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ा दिया है। अब अधिकारियों को 60 प्रतिशत के स्थान पर 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।

आदेश जारी

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि का आदेश जारी किया था। इसके बाद अखिल भारतीय सेवाएं (महंगाई भत्ता) नियम 1972 के तहत छत्तीसगढ़ में पदस्थ अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए भी संशोधित दर से महंगाई भत्ता स्वीकृत किया गया है।

1 जुलाई से मिलेगा लाभ

आदेश के मुताबिक बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान 1 जुलाई 2026 से नगद किया जाएगा। इसकी गणना वेतन मैट्रिक्स में निर्धारित स्तर के अनुसार मिलने वाले वेतन के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा।

बकाया राशि का भी होगा भुगतान

शासन के निर्देश के अनुसार अधिकारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते की बकाया राशि का भुगतान भी किया जाएगा। इसके लिए अलग से व्यक्तिगत प्राधिकार पत्र जारी करने की आवश्यकता नहीं होगी। संबंधित अधिकारियों की वेतन पर्ची को ही भुगतान के लिए मान्य माना जाएगा और उसी के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विभागों को दिए गए जरूरी निर्देश

सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी संबंधित विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों और कलेक्टरों को आदेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों के वेतन का भुगतान करने वाले कार्यालयों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते के भुगतान और समायोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *