CG News: बिलासपुर में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे दो मजदूरों की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 में हुआ। दोनों मजदूर दीवार जोड़ाई का काम कर रहे थे, तभी मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए।![]()
चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सबसे पहले भूपेंद्र साहू का संपर्क हाईटेंशन लाइन से हुआ। उसे करंट लगते देख साथी मजदूर रवि बंजारे उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि करंट लगते ही एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है। दोनों अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी थे। जिस निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ, वह अनूप सिंह का बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


