CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में गर्मी अब अपने चरम की ओर बढ़ रही है। प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने 19 अप्रैल तक कई जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान खासतौर पर मध्य क्षेत्र के जिलों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
![]()
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि आने वाले दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ने की संभावना जताई गई है। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43.5°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19.6°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में 19 अप्रैल तक ग्रीष्म लहर की स्थिति बनी रह सकती है। इन इलाकों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 43°C और न्यूनतम तापमान 27°C के आसपास रह सकता है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल कोई बड़ी वर्षा प्रणाली सक्रिय नहीं है, इसलिए मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की गरज-चमक के साथ बदलाव संभव है।


